बागपत। गढ़-सोनीपत हाइवे की खस्ता हालत से लोग परेशान है। मार्ग पर गड्ढे की वजह से वाहन भी खटारा होने लगे हैं। बागपत से मेरठ के बीच के टुकडे़ की स्थिति खराब होने के कारण दोनों शहरों के बीच आवागमन करने वाले परेशान हैं। हाइवे पर जनपद बागपत के हिस्से में ही पांच सौ से अधिक गड्ढे हैं। हाइवे की हालत खस्ता होने के चलते आए दिन वाहन क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। इस कारण अधिकतर लोग निजी वाहनों से मार्ग पर चलने से बचने लगे हैं।
बस, ट्रक, कार, बाइक और टेंपो समेत अन्य वाहनों को भी गड्ढों के कारण नुकसान होता है। निजी बस चालक सतेंद्र कुमार का कहना है कि मार्ग पर पिछले एक माह में दो बार उनकी बस का पहिया खराब हो चुका है। गड्ढ़े की वजह से पहिया निकल गया, जिससे आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है और कई बार हादसे का खतरा भी रहता है। बस यूनियन के पदाधिकारी हिम्मत सिंह कहते हैं कि ंगड्ढों से वाहनों को नुकसान होता है। इससे मालिकों पर आर्थिक बोझ पड़ता है।
चमरावल रोड निवासी मुकेश कुमार का कहना है कि गड्ढों के कारण उनकी गाड़ी दो बार खराब हो चुकी है। गाड़ी के एलाइमेंट बिगड़ जाते हैं। शौकर खराब हो जाते हैं। सड़क के गड्ढों में लगने की वजह से एक बार चैंबर टूट चुका है।
पुराना कस्बा निवासी आसिफ ने बताया कि गड्ढे में गिर जाने से तेल की टंकी के क्षतिग्रस्त होने का खतरा रहता है। इससे गाड़ी सीज हो जाता है, इससे 50 हजार से अधिक रुपये का नुकसान गाड़ी मालिक को उठाना पड़ता है। ऐसे कई मामले गड्ढों की वजह से सामने आ चुके हैं। एयर कंडीशन भी खराब हो जाता है।
गड्ढे निकाल रहे जान, खटारा हो रहे वाहन
बागपत। हाइवे पर बागपत के हिस्से में ही पांच सौ से अधिक गड्ढे हैं। नया गांव हमीदाबाद में करीब 450 मीटर के टुकड़े का निर्माण कराया, लेकिन इससे सटे एक गहरे गड्ढे को छोड़ दिया, इस कारण उक्त स्थान पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। सड़के पर बने गड्ढे वाहनों की जान निकाल रहे हैं। साथ ही वाहन खटारा हो रहे हैं।
मंत्री ने कहा, जल्द भरेंगे गड्ढे
बागपत। केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि एनएच के अधिकारियों को जल्द से जल्द गड्ढे भरने के निर्देश दिए गए हैं। गड्ढों की वजह से समस्या होती है। उन्होंने एनएचएआई के कार्यालय के उद्घाटन के दिन भी हाइवे की समस्या को रखा था। जल्द ही यहां पर गड्ढे भरवाने का काम किया जाएगा।