बड़ौत (बागपत)।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के नाम पर अवैध वसूली की लगातार शिकायतें मिलने के बाद भी ब्लाक के अफसर कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। बृहस्पतिवार को पीड़ितों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम से शिकायत की और कार्रवाई की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कार्रवाई न होने पर कमिश्नर मेरठ से शिकायत की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना था कि जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाए जाने को लेकर छपरौली चुंगी स्थित सेंटर संचालक द्वारा 500 से 1000 रुपये वसूले जा रहे हैं। आरोप लगाया कि छपरौली चुंगी स्थित एक कंप्यूटर सेंटर संचालकों को अधिकांश सचिवों ने अपने गोपनीय पासवर्ड दे रखे हैं, जो नियम विरुद्ध है। सचिवों द्वारा दिए गए पासवर्ड के जरिए संचालक लोगों से जमकर अवैध वसूली कर रहा है, लेकिन लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। एसडीएम अरविन्द कुमार द्विवेदी ने बीडीओ से जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। बीडीओ प्रेमचन्द ने बताया कि इस संबंध में शिकायत मिली है। इनमें प्रमोद, जयवीर, सुधीर दांगी, सन्नी चौहान, रवि, सागर, शेखर, अजित, अंकित, दीपक तोमर रहे।