बड़ौत (बागपत)।
वाजािदपुर गांव में शहीद सिपाही अंकित तोमर के परिजनों को श्रद्धांजलि देने के लिए सोमवार की रात में प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बात की और उन्हें पूरा भरोसा दिलाया कि शहीद को वीरता पुरस्कार दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा और सीएम का संदेश भी परिजनों को पढ़कर सुनाया।
प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा सोमवार की रात में वाजिदपुर गांव में शहीद अंकित तोमर के घर पहुंचे और उन्होंने शहीद के पिता को मुख्यमंत्री का संदेश सुनाया। उन्होंने बताया कि शहीद अंकुर ने क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले बदमाश को मार गिराते समय अपनी जान न्यौछावर कर दी। इस पर प्रदेश ही नहीं पूरे देश को गर्व है। उन्होंने कहा सरकार हर संभव इस परिवार को सहायता देने का कार्य करेगी और वीरता पुरस्कार दिलाने का प्रयास भी किया जा रहा है।
मंत्री ने शहीद के बच्चों को लगा लिया गले से
बड़ौत। जिस समय गन्ना मंत्री सुरेश राणा शहीद की पत्नी नेहा से मिले तो वह फूट-फूट कर रोने लगी और मंत्री ने शहीद की चार माह के बेटे लक्ष्य तोमर को गोद उठा लिया और दुलारा, तो सबकी आंखें नम हो गई। इसके बाद उन्होंने शहीद की तीन साल की बेटी अभि तोमर को भी गले से लगा लिया। देर रात वे शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित कर यहां से गुजर गए। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय खोखर, चेयरमैन अमित राणा, हिंदू जागरण युवा मंच के सचिन वत्स, अंकित बड़ौली, आरएसएस के सहसंघ चालक राम भरोसे लाल भाईजी आदि ने भी शोक संवेदना व्यक्त की।