पिलाना/ अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। अलग-अलग सड़क हादसों में अग्रवाल मंडी टटीरी के चौकी इंचार्ज सुशील कुमार समेत आठ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें एक हादसा मेरठ रोड पर सिंघावली बिजलीघर के पास रोडवेज बस और कार की भिड़त होने से हुआ है। इसमें पांच लोग घायल हुए हैं।
चौकी इंचार्ज सुशील कुमार बाइक पर सवार होकर बागपत कोतवाली जा रहे थे। जैसे ही हमीदाबाद गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही मैजिक गाड़ी ने टक्कर मार दी। इससे वे गंभीर रुप से घायल हो गई। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने उनको कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। इसके अलावा हरियाणा के कुरुक्षेत्र जनपद के गांव शाहबाद निवासी जयसिंह अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर किसी काम से हापुड़ जा रहे थे, जैसे ही कार सिंघावली अहीर बिजलीघर के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही रोडवेज बस ने ओवरटेक करने के प्रयास में कार में टक्कर मार दी। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। इसमें सवार जय सिंह, मुकेश समेत पांच लोग घायल हो गए। इससे अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोग इकट्ठे हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी । मौके पर पहुंची पुलिस और लोगों ने घायलों को कार से निकाला और पिलाना सीएचसी में भर्ती कराया। घायल मुकेश ने बालैनी थाने में रोडवेज चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
कार ने बाइक को टक्कर मारी, दो घायल
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित काठा गांव के पास कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार मुकेश और अनिल निवासी खेकड़ा घायल हो गए। ग्रामीणों ने उनको निजि अस्पताल में भर्ती कराया।