बागपत। बाल यौन उत्पीड़न और हिंसा की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग एनसीपीसीआर ने पहल की है। इसके लिए एक पोर्टल तैयार किया गया है। इस तरह के मामले में पोर्टल पर तुरंत शिकायत की जाए।
बैड टच (गलत मंशा से छूना) के शिकार बच्चे इस पोर्टल पर शिकायत कर सकते हैं। इस पर आरोपियों पर सीधी कार्रवाई होगी। जनपद स्तर पर न्यायपीठ सीडब्ल्यूसी ने यह कदम उठाया है। न्यायपीठ ने डीआईओएस और बीएसए को सभी स्कूल, कॉलेजों को एनसीपीसीआर के पोर्टल के बारे में बताने के निर्देश दिए हैं। सीडब्ल्यूसी के न्याय प्राधिकारी राजीव यादव, डॉ. कुलदीप त्यागी और मालती शर्मा ने जनपद के बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र लिखकर एनसीपीसीआर पोर्टल के बारे में स्कूल, कॉलेजों के बच्चों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। बताया गया है कि डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.एनसीपीसीआर.जीओवी.इन वेबसाइट पर यह पोर्टल बना है। पोर्टल पर क्लिक करते ही पोक्सो ई.बॉक्स खुलेगा। उस पर पीड़ित शिकायत कर सकते हैं।