बागपत। लेखपालों की अनिवार्य सेवानिवृत्ति के लिए स्क्रीनिंग का विरोध शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने प्रत्येक तहसील पर मुख्य सचिव के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। संयोजक महेश कुमार शर्मा ने कहा कि स्क्रीनिंग का बागपत में भी विरोध किया जाएगा।
मंगलवार को बागपत तहसील में महेश शर्मा के नेतृत्व में लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने एसडीएम विवेक कुमार यादव को प्रार्थना पत्र सौंपा। लेखपालों का कहना है कि 50 वर्ष की आयु पूरी कर चुके कर्मियों की अनिवार्य सेवानिवृत्ति के लिए 31 जुलाई कोा स्क्रीनिंग पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। यह बेहद गलत है। कई जिलों में जिलाधिकारियों ने इस बाबत पत्र भी जारी कर दिए हैं। लेखपाल संवर्ग में पहले से ही कर्मचारियों की कमी है। छंटनी हो जाने के बाद गांव का विकास कार्य प्रभावित होगा। वर्तमान में एक लेखपाल के जिम्मे कई-कई गांव है। ऐसे माहौल में लेखपालों की छंटनी प्रक्रिया तुरंत ही बंद होनी चाहिए। राकेश शर्मा, विनोद कश्यप, सुशील शर्मा, मुकेश यादव, संजीव कुमार, अंशुल कुमार, टीना चौहान, आयुषी, सचिन भारती, प्रदीप राणा, वीरेंद्र यादव मौजूद रहे।