बागपत। कोरोनारोधी टीकाकरण के लिए बृहस्पतिवार से नए चरण का शुभारंभ किया गया। इसमें 45 वर्ष आयु से अधिक आयु वर्ग के प्रत्येक व्यक्ति का टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिले में 1.12 लाख लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। उधर, बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार किए गए माइक्रोप्लान के सापेक्ष 104 फीसदी लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया।
सीएमओ डॉ आरके टंडन ने बताया कि शासन ने 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रत्येक व्यक्ति का टीकाकरण करने के निर्देश दिए है। जिले में लगभग 1.12 लाख लोगों का टीकाकरण किया जाना है। बृहस्पतिवार को 22 केंद्रों पर 2200 लाभार्थियों के टीकाकरण करने का माइक्रोप्लान तैयार किया गया था, जबकि लक्ष्य के सापेक्ष 104 फीसदी टीकाकरण किया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डॉ दीपा सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिले में 2200 लाभार्थियों के लक्ष्य के सापेक्ष 2299 लाभार्थियों ने कोरोना का टीका लगवाया।