कानपुर में दृश्यता जीरो होने की वजह से प्रधानमंत्री मोदी के विमान को उड़ान के लिए क्लियरेन्स नहीं मिला है। यही वजह है कि पीएम मोदी कानपुर से सड़क मार्ग से लखनऊ पहुंचे हैं। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विशेष विमान के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के लिए रवाना हुए।
दरअसल, मौसम खराब होने के कारण पीएम मोदी को नई दिल्ली वापसी के लिए सड़क मार्ग से लखनऊ आना पड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कानपुर दौरे पर रहे। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पीएम ने मेट्रो ट्रेन का सफर कर इसकी सौगात कानपुरवासियों को दी। इसके साथ ही आईआईटी के दीक्षांत समारोह में पीएम ने छात्रों को डिजिटल डिग्री व पदक प्रदान किए।
पीएम के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी भी रहे। पीएम मोदी ने जनसभा को भी संबोधित किया था और विपक्ष पर हमला बोला।
क्या नोटों के पहाड़ का भी लेंगे क्रेडिट- पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि पहले की सरकारों ने यूपी में अपराध का राज कायम किया लेकिन सीएम योगी आए तो उन्होंने यूपी में कानून का राज स्थापित किया जिससे प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। इज ऑफ डूइंड बिजनेस को बेहतर करने पर भी काम हो रहा है। जिन लोगों की आर्थिक नीति ही भ्रष्टाचार हो वो यूपी का विकास नहीं कर सकते इसलिए उन्हें हर उस कदम से तकलीफ होती है जो समाज के लिए उठाए जाते हैं।