उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में रुद्रपुर स्थित आसाराम का आश्रम अब पीएसी जवानों के लिए सिर दर्द बन गया है। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के कारण पीएसी जवानों का वहां रहना दूभर हो रहा है। वहीं पीने के पानी की समस्या भी उन पर भारी पड़ रही है।
सोमवार को वहां पहुंचने पर पता चला कि भीषण गर्मी से पीएसी जवानों का बुरा हाल है। आश्रम में एक मात्र टिन शेड है, जहां जवान आश्रम की सुरक्षा को ठहरे हुए हैं। इसके अलावा आसाराम की कुटिया है।
सेवादार अपने कमरे में चैन से खर्राटे भरता रहता है और पीएसी के जवान गर्मी में मच्छरों से जूझते हुए सेवादार की पहरेदारी करते रहते हैं।
दिन में तो हालत और भी खराब हो जाती है। चिलचिलाती धूप और गर्मी से व्याकुल जवान इधर-उधर सिर छिपाने को भागने लगते हैं। कोई गांव की ओर तो कोई नहर के किनारे ठंडी छांव को तलाशता फिरता है। फिर भी उसे राहत नहीं मिल पाती।
यह टिन शेड आसाराम का सत्संग हाल है, जहां साधक सत्संग किया करते थे। एक जवान ने बताया कि बीते दिवस हुई बरसात से उनके बिस्तर भी भीग गए और सभी को जागकर रात काटनी पड़ी। पानी की बौछार टिन शेड में आ रही थीं।
इतना नहीं, पीने के पानी का भी संकट जवानों के लिए बना हुआ है। बताया: वहां का पानी बहुत खराब है। थोड़ी देर रखने के बाद वह पीला पड़ जाता है और उसका स्वाद भी खराब हो जाता है। जैसे-तैसे जवान अपना वक्त काट रहे हैं।
जवानों ने यह भी बताया कि आश्रम में किसी के भी आने-जाने पर प्रतिबंध लगा हुआ है। सेवादार को कुछ लाने के लिए यदि बाहर निकलना भी पड़ता है तो एक जवान उनके साथ जाता है।