डीएसपी की हत्या का राज खोलने आई सीबीआई टीम को गुरुवार को अहम सफलता मिली। टीम के सदस्यों ने इलाहाबाद से बबलू को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बबलू के कब्जे में आते ही डीएसपी की हत्या का राज खुलने की उम्मीद जग गई है।
प्रधान की हत्या के बाद हुए बवाल के दौरान चश्मदीदों की तलाश सीबीआई टीम को थी। बुधवार को पूछताछ में फूलचंद ने सीबीआई के अफसरों को तीन चश्मदीद गवाहों के नाम बताए थे। इनमें एक मृतक प्रधान का बेटा बबलू भी था। इसके बाद से ही सीबीआई टीम बबलू की तलाश में लग गई। सीबीआई को पहला चश्मदीद मिला है, जिसने सुरेश एवं डीएसपी की हत्या देखी है। ऐसे में जल्द ही सीबीआई को डीएसपी की हत्या का राज खुलने की उम्मीद है।
बबलू के आते ही अफसरों ने उससे सवालों की बौछार शुरू कर दी। कहा जा रहा है कि जिस समय भीड़ बवाल काटने के साथ गोलियां बरसा रही थी उस दौरान भीड़ में बबलू भी मौजूद था। पूछताछ से अनुमान लगाया जा रहा है कि डीएसपी की हत्या को लेकर शुक्रवार को कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
कड़ी की गई सीबीआई की सुरक्षा
सीबीआई पर हमले के बाद स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है। गुरुवार को सीबीआई के कैंप कार्यालय से लेकर टीम के जाने के सभी संभावित स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए गए हैं। पीएसी के जवान बिना इजाजत किसी को कैंप के आसपास भी फटकने नहीं दे रहे हैं। वहीं सदस्यों के कहीं आने-जाने के दौरान थानों की जीप स्कार्ट करने लगी है।