मेजवां स्थित कैफी आजमी बालिका इंटर कालेज में बुधवार को सोशल एक्शन वेलफेयर फार कल्चर (स्वाका) की सीखो और कमाओ योजना के तहत प्रशिक्षित बालिकाओं को प्रमाणपत्र दिया गया। इस दौरान बच्चों ने नृत्य आदि की प्रस्तुति की। बालक विशाल कश्यप के नृत्य की सभी ने तालियों से सराहना की।
कार्यक्रम की शुरुआत कैफी आजमी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया गया। फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने कहा कि जितनी जिम्मेदारी इस गांव के विकास की शबाना और नम्रता की है, उससे कई गुना जिम्मेदारी मेरी है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि चिकनकारी की दुनिया में अब और बेहतर काम इस गांव में शुरू किया जाएगा। अगले वर्ष इस गांव में जरी का काम शुरु किया जाएगा। फिल्म अभिनेत्री शबाना आजमी ने कहा कि मैं इस गांव की बेटी हूं, लेकिन इतनी ऊंचाइयों पर पहुंचने के बावजूद मुझे गांव में आने में कोई संकोच नहीं होता है।
गांव में प्रतिभाएं हैं। उन्हें उभारने की जरूरत है। उन्होंने बालक विशाल के डांस की सराहना की। कहा कि यहां के लोग कला क्षेत्र से भी जुड़े हैं। स्वाका संस्था की सचिव गुंजन चौधरी ने कहा कि संस्था द्वारा चलाए जा रहे कई तरह के प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को व्यवस्था के तहत उनके बैंक खाते में समय-समय पर प्रोत्साहन धनराशि दी जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि लड़का और लड़की के बीच भेदभाव नही होना चाहिए। दोनों को समान शिक्षा देना चाहिए। संचालन जितेंद्र मिश्रा ने किया। इस मौके पर तनवी आजमी, शेख शमीना आजमी, नम्रता गोयल, प्रतीक्षा, विकास मेहरोत्रा, मानसी, आशुतोष त्रिपाठी, मुकेश सिंह, डा. एसके गौतम, डा. अजीम, हरिश्चंद्र, लल्लन प्रजापति आदि मौजूद थे।