बरदह थाना क्षेत्र के ठेकमा बाजार में शुक्रवार देर शाम दो बाइक सवार युवक जनरल स्टोर संचालिका के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। दोनों युवक तेल और साबुन खरीदने के बहाने दुकान में पहुंचे थे। घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
ठेकमा बाजार स्थित मनता जनरल स्टोर पर सुभद्रा सेठ, पत्नी स्वर्गीय मनता सेठ, दुकान पर मौजूद थीं। शाम को बाइक सवार दो युवक दुकान पर पहुंचे और तेल व साबुन खरीदने के लिए सामान निकलवाने लगे। इसी दौरान मौका पाकर दोनों ने सुभद्रा सेठ के गले से सोने की चेन झपट ली और बाइक से फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार, चेन का वजन करीब 15 ग्राम था।
चेन छीने जाने के बाद सुभद्रा सेठ ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से निकल चुके थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।