जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के भावना बुजुर्ग गांव निवासी नागेश राजभर (32) की तमसा नदी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, भावना बुजुर्ग निवासी नागेश राजभर मंगलवार दोपहर छत की ढलाई करने के बाद घर लौटा था। इसके बाद वह नहाने के लिए तमसा नदी में चला गया। इसी दौरान नदी के दूसरी ओर स्थित मंदिर में दर्शन करने के लिए वह नदी पार करने लगा।
बारिश के कारण बढ़े नदी के जलस्तर में अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। नदी किनारे मौजूद लोगों ने यह देखा तो उसकी तलाश शुरू की। शाम को नदी से उसका शव बरामद किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था और छत की ढलाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी तीन बहनें हैं।
पिता हरिश्चंद्र राजभर ने जीयनपुर कोतवाली में घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि नदी में डूबने से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।