निजामबाद। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित दत्तात्रेय धाम पर तमसा व कुंवर नदी के संगम पर मंगलवार को दिन में एक युवक संदिग्धावस्था में डूब गया। स्थानीय लोग नदी में उसकी तलाश में जुटे रहे। देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल सका। वहीं, पुलिस व प्रशासनिक अमला गोताखोर व नाव की व्यवस्था नहीं कर सका। इससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
निजामाबाद के परानपुर गांव निवासी 30 वर्षीय धर्मेंद्र चौहान पुत्र रघुवर मंगलवार को अपने दो दोस्तों के साथ तमसा-कुंवर नदी के तट पर स्थित दत्तात्रेय धाम पर गया हुआ था। यहीं संदिग्धावस्था में वह नदी की जलधारा में समाहित हो गया। वह नदी में कैसे गिरा इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। सूचना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। कुछ युवक नदी में तैर कर उसकी तलाश भी शुरू कर दिया। घटना के पांच घंटे बाद भी प्रशासनिक अमला नाव व गोताखोर की व्यवस्था नहीं कर सका था, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। वही सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। धर्मेंद्र मुंबई में जेसीबी चलाता और लॉकडाउन के दौरान 20 दिन पैदल चल कर घर पहुंचा था। पांच साल पूर्व उसकी शादी हुई थी और वह दो पुत्र व एक पुत्री का पिता है। डूबे युवक की बरामदगी को लेकर परिजनों ने उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है।