लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के सुरौली माहुल गांव निवासी एक युवक बृहस्पतिवार की भोर में शौच के लिए गया हुआ था। इसी दौरान पैर फिसल जाने से वह डिघिया नाले में गिर गया। डूबने से उसकी मौत हो गई। काफी देर बाद जब शव नाले में उतराया तो लोगों को घटना की जानकारी हुई।
सुरौली महुला गांव निवासी 45 वर्षीय उमेश पटेल पुत्र हीरावन भोर में शौच के लिए डिघिया नाले की तरफ गया था। इस दौरान पैर फिसलने से वह नाले में चला गया। इन दिनों घाघरा के उफान के चलते डिघिया नाले में भी काफी पानी था। जिससे वह पानी में डूब गया। इधर काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दिया। काफी देर बाद ग्रामीणों ने उमेश का शव नाले में उतराया हुआ देखा। ग्रामीणों की सूचना पर माहुल चौकी प्रभारी मय दल बल मौके पर पहुंच गए और शव को बाहर निकलवाया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर तहसीलदार सगड़ी बृजेंद्र व लेखपाल भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पांच भाईयों में दूसरे नंबर पर था और दो पुत्र व चार पुत्रियों का पिता था। घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।