अंबारी। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के कटार गांव में एक व्यक्ति के छत पर टीनशेड रखवाते समय 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आकर युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने काम करवा रहे व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है।
कराट गांव निवासी जयप्रकाश चौरसिया पुत्र रामजीत चौरसिया मंगलवार की रात अपने छत पर टीनशेड रखवा रहा था। इसके लिए उसने गांव के ही 18 वर्षीय आलोक पुत्र स्व. लालबहादुर को बुलाया हुआ था। जयप्रकाश के छत के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का तार गुजरा हुआ था। टीनशेड रखते समय टीन तार से सट गया और आलोक करंट की चपेट में आ गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक उसकी झुलस कर मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक चार भाईयों में सबसे छोटा था। वहीं पुलिस ने काम कराने वाले जयप्रकाश चौरसिया को हिरासत में ले लिया है।
-