बिंद्रा बाजार (आजमगढ़)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के भवतर चक भवतर गांव स्थित कुटी के पास प्राचीन पोखरा है। रविवार को ताजपुर गांव निवासी 22 वर्षीय सौरभ पुत्र श्रीचंद अपने भतीजे के साथ कुटी पर घुमने के लिए आया था। इस दौरान उसका पोखरे में नहाने का मन हुआ तो वह भतीजे को किनारे बैठा कर नहाने के लिए पोखरे में कूद पड़ा। पोखरे में कूदने के बाद वह ऊपर नहीं आया, जिस पर भतीजे ने शोर मचाया।
बच्चे के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पोखरे में उतर कर सौरभ की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर में उसे पोखरे से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन मौके पर पहुंचे और शव लेकर घर चले गए। जानकारी पर गंभीरपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची तो परिजनों ने पीएम न कराने की बात कही। जिस पर पंचनामा बना कर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।