रानी की सराय। थाना क्षेत्र के सोनवारा मोड़ पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से विमलेश कुमार (23) की मौत हो गई। पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
मलिक हुसैनपुर निवासी चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि बुधवार की सुबह 7:30 बजे बेटा विमलेश कुमार किसी काम से पैदल सोनवारा मोड़ पर गया था। इसी दौरान एक अनियंत्रित कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल ले गए। वहां दिन में उसका इलाज चल रहा था कि रात में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक विमलेश कुमार तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे। इंटरमीडिएट तक पढ़ाई करने के बाद वह घर पर ही रह रहे थे। एसओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे कार की पहचान की जा सके। संवाद
बाइक के धक्के से साइकिल सवार वृद्ध की मौत
निजामाबाद। थाना क्षेत्र के पलिया खास गांव निवासी रामसूरत यादव (65) मंगलवार की शाम साइकिल से खेत से घर लौट रहे थे। उन्हें यादवपुर गांव के पास अज्ञात बाइक ने टक्कर मार दी। इसमें वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। इनको इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान बुधवार की देर शाम उनकी मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ हिरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद
बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत,साथी घायल
अतरौलिया। आंबेडकर नगर में अमदही गांव में बुधवार की शाम हुए सड़क हादसे में अमदही निवासी सलमान (21) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी विकास (17) घायल हो गया।
घायल विकास ने बताया कि आंबेडकर नगर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के अमदही निवासी सलमान और वह बाइक से खेत की तरफ जा रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पर सामने से आ रहे एक स्कूल बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसकी सूचना मिलते ही परिजन पहुंचे और दोनों को अतरौलिया के 100 शैय्या अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने सलमान को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक सलमान सूरत में काम करता था और इन दिनों घर आया हुआ था। सूचना पर अस्पताल पहुंची अतरौलिया पुलिस ने ग्राम प्रधान सुभाष राजभर की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए आजमगढ़ भेज दिया है। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि आंबेडकर नगर में हुई घटना के बाद दोनों को अतरौलिया के अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां एक की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक विमलेश कुमार की फाइल फोटो। संवाद