बलरामपुर। बकाया भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्ताओं ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही आशा एवं आशा संगिनी कार्यकत्री सेवा समिति की जिलाध्यक्ष संध्या सिंह ने सीएमओ की अनुपस्थिति में डिप्टी सीएमओ अविनाश झा को समस्याओं से अवगत कराया।
उन्होंने मांग किया कि राज्य स्तर से प्राप्त बजट और भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए तथा भुगतान की सूची सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चस्पा कराई जाए। आरोप लगाते हुए कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशों के बावजूद कुछ आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान में कटौती की जा रही है।
उन्होंने इस पर तत्काल रोक लगाने और पेमेंट शीट की जांच कराने की मांग की। साथ ही ब्लॉक स्तर पर समस्याओं के समाधान के लिए नियमित बैठकों के आयोजन की भी मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार वर्ष 2024 से 2026 तक विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत भुगतान लंबित है। उन्होंने आभा कार्ड, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना, नसबंदी प्रोत्साहन तथा एचबीवाईसी प्रशिक्षण से संबंधित बकाया भुगतान को शीघ्र जारी करने की मांग की।
इस दौरान प्रमिला सिंह, अर्चना चौबे, विनीत राय, गिरजा मौर्य, प्रभा राय, सरिता यादव, गीता यादव, ज्ञानमती यादव, बीना राय, आशा सिंह, मालती राय सहित बड़ी संख्या में आशा एवं संगिनी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।