आजमगढ़ शहर कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर स्थित काशी राम आवास डीएवी में रह रहे युवक ने शनिवार देर शाम तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना का कारण पत्नी से किसी बात पर हुआ विवाद बताया जा रहा है। फराशटोला कदमघाट निवासी भरत (30) पुत्र धीरज सोनकर को काशीराम आवास में कमरा मिला हुआ है। वह परिवार के साथ वहीं रहता था और कलेक्ट्रेट क्षेत्र में सब्जी का दुकान लगाता था।
शनिवार रात साढ़े आठ बजे अचानक वह काशीराम आवास के तीसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो पुत्र व एक पुत्री का पिता था। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।