आजमगढ़। बिलरियागंज थाना में विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामले में तहरीर दी गई है। पीड़ित का आरोप है कि जालसाज ने 60 हजार रुपये लिए और फर्जी वीजा थमा दिया। अब पैसा वापस मांगने पर जानमाल की धमकी दे रहा है।
बिलरियागंज के हारीपुर गांव निवासी रामधनी पुत्र स्व. जंगली का आरोप है कि छह साल पूर्व पड़ोस के गांव तोहफापुर निवासी एक व्यक्ति ने उसके पुत्र मुकेश को विदेश भेजने के नाम पर 60 हजार रुपये लिए। बेटे का पासपोर्ट भी लिया। जालसाज बेटे को लेकर दो बार मुंबई मेडिकल परीक्षण के नाम पर बुलाया। इसके बाद उसे दुबई का फर्जी वीजा थमा दिया। वीजा के फर्जी होने की बात जब पता चली तो जालसाज से पैसा वापस मांगा जाने लगा। आजकल की बात कह कर वह टालता रहा। लंबा समय बीत जाने पर वह रविवार को तोहफापुर गांव निवासी जालसाज के घर पहुंचा और पैसा व पासपोर्ट मांगने लगा तो उसने जानमाल की धमकी देते हुए भगा दिया। सोमवार को रामधनी ने बिलरियागंज थाने में जालसाज के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले में छानबीन की बात कह रही है।