आजमगढ़। कोशिश पहले भी की गई, लेकिन पालिका की घर से कूड़ा उठाने की योजना परवान नहीं चढ़ी। कुछ वार्डों में ये कार्य शुरू भी कराया गया था, लेकिन वाहनों की कमी और इनके खराब होने से इसे बंद करना पड़ा। अब शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए फिर से शुरू की गई कवायद में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की योजना बनाई गई है।
इसके लिए पालिका एक माह के अंदर 20 ई-रिक्शा खरीदेगी। इससे कर्मचारी घर-घर जाकर कूड़ा उठाएंगे। कर्मचारियों की ओर से कूड़ा एकत्रित कर मझगांवा स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड तक पहुंचाया जाएगा। यहां पालिका की ओर से 4.32 एकड़ जमीन का चिह्नाकंन कर लिया गया है, सिर्फ रास्ते की समस्या रह गई है।
अब तक पालिका की ओर से कूड़ा उठाने और इसके निस्तारण के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं करने के कारण शहर की सफाई को ग्रहण लग रहा था। शहरवासियों को अब तक पालिका की ओर से चिह्नित स्थानों तक खुद कूड़ा पहुंचाना होता था।
बाद में पालिका कर्मचारी इसे वाहन की सहायता से उठाकर दूसरे स्थान पर गिराते थे। शहरवासियों की ओर से सही स्थानों पर कूड़ा नहीं डालने और पालिका कर्मचारियों के इसे समय पर नहीं उठाने से कूड़ा-कचरा सड़कों पर फैल जाता था। ये गंदगी शहर को तो बदसूरत बनाती ही थी, साथ ही कई बीमारियों की जड़ भी थी।
पालिका की ओर से पहले भी घर से कूड़ा उठाने के लिए शुरुआती कोशिश की गई थी। इसके लिए तीन वाहन भी मंगाए गए। लेकिन तीनों वाहन भी खराब होकर पालिका के संग्रहालय में कैद हो गई।
प्रशासन की ओर से दबाव बढ़ने पर शहर के सभी 25 वार्डों के हर घर से ही कूड़ा उठाया जाएगा
। इसके लिए पालिका एक माह के अंदर 20 ई-रिक्शा की खरीदी जाएगी। इसके अलावा तीन ई-रिक्शा जिसकी बैटरी खराब हो गई है। उसे भी ठीक करा इस बेड़े में शामिल किया जाएगा। कूड़ा वाहन सभी घरों पर जाकर सुबह-सुबह संकेत दे कर कूड़ा एकत्र कर इसे पालिका के ट्रंचिंग ग्राउंड तक पहुंचाएगा।
चिह्नित हुई जमीन, सिर्फ रास्ते की समस्या
आजमगढ़। पालिका की ओर से पहले शहर से एकत्र कचरे को वाहनों के माध्यम से तमसा नदी के किनारे डंप किया जाता था। तमसा के दूषित होने पर व्यापक स्तर पर इसका विरोध शुरू हुआ। इसके बाद ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए मझगांवा में जमीन तलाशी जाने लगी।
पालिका ईओ दिनेश कुमार विश्वकर्मा की माने तो यहां 4.32 एकड़ जमीन चिह्नित कर ली गई है। सिर्फ रास्ते को लेकर थोड़ी सी समस्या है। कचरा निस्तारण प्लांट के लिए 10 एकड़ जमीन की भी तलाश की जा रही है। जमीन मिलने पर कचरे से खाद और अन्य वस्तुएं बनाने के लिए प्लांट की व्यवस्था की जाएगी। जमीन मिलने के बाद ही इसका प्रपोजल बनाया जाएगा।
घर-घर कूड़ा उठाने के लिए एक माह के अंदर 20 ई-रिक्शा की खरदारी 14वें वित्त से मिली धनराशि से की जाएगी। पालिका तीन बेकार पड़े वाहनों को भी ठीक कराया जाएगा। जल्द ही डोर टू डोर कूड़ा उठाने की शुरुआत कर दी जाएगी। ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए भी जमीन चयनित हो चुकी है।-दिनेश कुमार विश्वकर्मा, ईओ नगर पालिका