आजमगढ़ जिले में फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के टेऊंगा नहर के पास बृहस्पतिवार रात में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस दौरान बारात से लौट रहे एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के कासिमपुर (अंबारी) निवासी संदीप यादव (32) अपने साथी संतोष यादव (21) के साथ फुलवरिया गांव में एक बरात में शामिल होने गए थे। देर रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों दो पहिया वाहन से वापस घर लौट रहे थे। बताया गया कि टेऊंगा नहर के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरा। हादसे में संदीप यादव के सिर में गंभीर चोट लग गई। साथी संतोष यादव ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News Today: अस्पताल में तीमारदारों का हंगामा, सामूहिक दुष्कर्म मामले में दूसरे विवेचक की गवाही, खबरें
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संदीप यादव परिवार में सबसे बड़े थे। वह अपने पीछे पत्नी, बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।