आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सुरजन गांव में सोमवार की सुबह देशी शराब की दुकान के पास दो पक्षों में विवाद हुआ। जिसमें एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 31 वर्षीय संग्राम कुमार पुत्र श्यामलाल और शिव कुमार वनवासी ने पहले साथ में शराब पी, इसके बाद दोबारा शराब पीने के लिए रुपये को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर शिव कुमार ने ईंट से प्रहार कर संग्राम को गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्थानीय लोगों ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर गंभीरपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।