देवगांव कोतवाली के गांव जमुई चक भटौली में संदिग्ध हालात में युवक की मौत के बाद रोते परिजन।
- फोटो : AZAMGARH
पल्हना। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के जमुई चक भटौली गांव निवासी एक युवक शुक्रवार की देर रात सिवान में स्थित ट्यूबवेल के पास मृत हालत में मिला। युवक के सिर में चोट के निशान थे। परिजनों की सूचना पर पुलिस फारेंसिंक टीम के साथ पहुंची और मौका मुआयना किया। इसके साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिर में चोट के निशान देख कर परिजन हत्या की भी आशंका जता रहे है।
जमुई चक भटौली गांव निवासी 45 वर्षीय मुकेश पुत्र अवधराज का ट्यूबवेल गांव के सिवान में स्थित है। ट्यूबवेल के बगल में ही पशुशाला भी स्थित है। शुक्रवार की शाम छह बजे के लगभग मुकेश घर से ट्यूबवेल पर जाने की बात कह कर निकला। देर रात तक जब वह नहीं लौटा तो रात 11 बजे के लगभग छोटा भाई प्रमोद उसे खाना खाने के लिए बुलाने गया। ट्यूबवेल पर पहुंचते ही उसके होश उड़ गए। बड़ा भाई मुकेश पशुशाला के पास गिरा पड़ा था और उसकी उसकी मौत हो चुकी थी। सिर में चोट के निशान थे। भाई को मृत हाल में देख कर छोटा भाई शोर मचाने लगा। शोर सुन कर ग्रामीण व परिजन मौके पर जुट गए। सिर में लगी चोट देख कर परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी और सूचना पुलिस को दिया। भोर में सीओ लालगंज अजय यादव, एसओ देवगांव विमलेंद्र मौर्या मय-दल बल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फोरेंसिंक टीम भी बुला कर मौका मुआयना कराया। परिजनों ने मुकेश की मौत को संदिग्ध मानते हुए पुलिस को तहरीर दिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा और उसके बाद मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। मृतक तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। उसके दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।