बाजार स्थित देशी शराब की दुकान के पास बृहस्पतिवार की शाम एक युवक अचेतावस्था में पड़ा मिला। वह नशे में धुत्त था। सूचना पर पुलिस उसे स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अत्यधिक शराब पीने से मौत की आशंका जतायी जा रही है।
जहानागंज थाना क्षेत्र के बस्ती गांव निवासी 40 वर्षीय भीमसेन राम पुत्र रामजीत राम बृहस्पतिवार की सुबह से ही शराब के नशे में धुत्त था। दिन भर में कई शीशी शराब वह पी चुका था। शाम लगभग पांच बजे वह सठियांव बाजार स्थित देशी शराब की दुकान पर पहुंचा और वहां से भी एक शीशी शराब ले कर पीया। कुछ ही देर बाद वह शराब खाने के पास अचेतावस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गई जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और परिजनों के आने का इंतजार कर रही है। परिजनों के आने के बाद ही शव पीएम में भेजा जाएगा।