किसनदासपुर के एक्सप्रेस-वे को लेकर बैठक को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। जनपद दौरान के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहां अच्छे कार्य के लिए जिला प्रशासन की पीठ थपथपाई वहीं कानून व्यवस्था को लेकर नाराज भी दिखे। लालगंज में दूल्हे के हत्यारे के आरोपी की अभी तक गिरफ्तारी न होने पर सीधे डीआईजी के निर्देशित किया कि जल्द गिरफ्तारी कराएं। वहीं, सीएए के समर्थन और विरोध में चल रहे अभियान को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। कहा कि किसी भी तरह की लामबंदी बर्दाश्त नहीं है। इस पर रोक लगाएं। कानून व्यवस्था भंग नहीं होनी चाहिए।
जनपद के लालगंज में चार फरवरी को बारात लेकर जा रहे दूल्हे की सरेराह हत्या ने जनपद में हड़कंप मचा दिया था। आरोपी के चिह्नित होने के बाद भी उसकी गिरफ्तारी न होने की धमक सीएम के पास भी पहुंच गई है। इस मामले को लेकर वो समीक्षा के दौरान नाराज भी दिखे। डीआईजी सुभाष चंद्र दुबे से पूछा कि अभी तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई है। जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की जाए। वहीं नागरिकता संशोधन कानून के पक्ष और और विपक्ष में चल रहे अभियान के मद्देनजर कहा कि कानून-व्यवस्था भंग करने की इजाजत किसी को नहीं हैं। पक्ष हो या विपक्ष किसी भी प्रकार की लामबंदी नहीं होनी चाहिए। पुलिस इस मामले को लेकर सख्ती दिखाए। कानून व्यवस्था प्रभावित होता है तो इसके लिए पुलिस अधिकारी जिम्मेदार होंगे।