आजमगढ़। समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य राजपाल कश्यप ने कहा कि योगी सरकार का बुलडोजर जाति और धर्म देखकर चल रहा है। महंगाई और बेरोजगारी से लोगों का ध्यान हटाने के लिए सरकार यह सब कर रही है। जो भी इस सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहा उसे जेल में डाल दिया जा रहा है। बलिया में पत्रकारों ने जब पेपर लीक की खबर प्रकाशित किया तो उन्हें जेल भेज दिया गया। कश्यप सोमवार को पार्टी कार्यालय में पत्र प्रतिनिधियों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहाकि सगड़ी तहसील के अम्मापुर गांव में बुलडोजर चलने से कई निषाद परिवार बेघर हो गए, उन्हें अपना सामान हटाने तक का भी मौका नहीं दिया गया। बेघर हुए परिवार पर किसी प्रकार का अपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं था। कहा कि सरकार नक्शे की बात करती है। सीएम और गवर्नर हाउस का भी नक्शा नहीं है तो क्या सरकार उसे भी तोड़ेगी। कहा कि अगर जिले में कही भी अवैध निर्माण हुआ है तो इसके जिम्मेदार अधिकारी हैं। निर्माण का आदेश देने वाले अधिकारियों पर सबसे पहले कार्रवाई होनी चाहिए। सरकार ने निषाद समेत 17 जातियों को आरक्षण नहीं दिया और न ही जातिगत जनगणना का कार्य ही शुरू हो सका।गन्ना किसान काफी परेशान हैं। 14 दिन के अंदर गन्ने का भुगतान होना था लेकिन नहीं हुआ। सठियांव चीनी मिल में किसानों का 40 करोड़ 71 लाख व घोसी चीनी मिल में किसानों का 26 करोड़ 49 लाख रूपए बकाया है। सरकार की नई शिक्षा नीति गरीब विरोधी है। आगामी दिनों में होने वाले लोक सभा उपचुनाव में शीर्ष नेतृत्व प्रत्याशी तय करेगा। इस अवसर पर अजीत कुमार राव, विवेक सिंह, विरेंद्र यादव, श्रीसागर यादव, जगदीश, संतोष गौतम आदि मौजूद रहे।