पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण में लगे मजदूरों को बुधवार को आजमगढ़ के जहानागंज थाने के अतरारी गांव के ग्रामीणों ने मार पीटकर भगा दिया। साथ ही काम करा रहे लोगों की गाड़ियां भी तोड़ दीं। मामले में जहानागंज थाने में ग्राम प्रधान कोईलारी सहित 23 लोगों को आरोपित किया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
उपेंद्र कुमार सिंह निवासी गौतमबुद्ध नगर ने थाने में दी तहरीर में बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण का काम चल रहा है। बुधवार को जहानागंज थाने के अतरारी के पास सड़क का निर्माण हो रहा था। इसके लिए बगल वाले गांव कोईलारी से मिट्टी ली जा रही है।
बुधवार को मजदूर गाड़ी लेकर मिट्टी निकालने का काम कर रहे थे तभी कोईलारी गांव के प्रधान अखिलेश राजभर, राजन राजभर, कांती राजभर 20 अज्ञात लोगों के साथ गोलबंद होकर पहुंचे और सबको मारपीटकर भगा दिया। साथ ही शीशे आदि तोड़कर गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रभारी निरीक्षक जहानागंज राकेश सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।