आजमगढ़। नगर क्षेत्र के कोतवाली से लेकर नगरपालिका कार्यालय तक रात के समय अंधेरा पसरा रहता था। सभासदों ने इस जगह पर लाइटें लगाने का प्रस्ताव स्वीकृत किया था। बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब लाइटों को लगाने के लिए फाउंडेशन बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
नगरपालिका से लेकर कोतवाली तक मार्ग पर स्ट्रीट लाइट न होने के कारण यहां लोगों को अंधेरे में आवागमन करना पड़ता था। सभासदों ने नपा के अध्यक्ष और ईओ का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग की थी। साथ ही बोर्ड की बैठक में इस काम को अपनी स्वीकृति प्रदान की। बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद नगरपालिका द्वारा स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए फाउंडेशन बनाना शुरू कर दिया है। इससे उम्मीद जगी है कि जल्द ही लोगों को मुख्य मार्ग पर नपा से लेकर कोतवाली तक अंधेरे में आवागमन से मुक्ति मिलेगी।
बोर्ड की बैठक में सभासदों द्वारा इस कार्य के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया था। कार्य की स्वीकृति के बाद अब फाउंडेशन के निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। इसके तैयार होने के बाद पोल लगाकर स्ट्रीट लाइटों को लगाया जाएगा।-विवेक त्रिपाठी, ईओ नगरपालिका।