रक्षाबंधन के अवासर पर बसों में महिलाओं के मुफ्त यात्रा के दौरान रोडवेज बस में भीड़।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। शनिवार मध्यरात्रि से रोडवेज बसों में बहनों ने मुफ्त सफर किया। इसके लिए रोडवेज ने हर दिशा में बसों को भेजने की व्यवस्था थी। बहनों ने मुफ्त सफर यात्रा की सुविधा मिलने पर परिवहन विभाग के साथ ही सरकार का भी धन्यवाद दिया। बस में मुफ्त सेवा रविवार की देर रात तक जारी रहा। मुफ्त सफर की सुविधा मिलने के कारण बसों में भीड़ अधिक देखने को मिली। इस बीच कोविड-19 के नियमों का पालन भी नहीं दिखाई पड़ा। सभी बहने नियमों को भूलकर बस भाई के पास पहुंचने की होड़ में थीं।
रविवार को रक्षाबंधन का पर्व था। इसको लेकर बहनों ने सुबह से ही भाइयों के घरों को जाने की शुरुआत कर दी थी। कई बहनें ऐसी थी जिनके भाई ऐसी जगह थे जहां बहने त्योहार पर पहुंचकर राखी बांधकर लौटीं। रोडवेज ने हर साल की तरह इस बार भी रक्षाबंधन पर बहनों को बसों में मुफ्त सफर की सुविधा दी थी। शनिवार रात बारह बजे से रविवार मध्यरात्रि बारह बजे तक मुफ्त सफर की सेवा प्रभावी रही। प्रभारी आरएम वीके सिंह ने बताया कि करीब 400 बसों का संचालन किया गया है। सभी बसें लगभग भर-भर कर गईं। वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, शाहगंज, मऊ, बलिया, गाजीपुर, दोहरीघाट, गोरखपुर व समेत अन्य रूटों पर बसों का संचालन किया गया। उन्होंने बताया कि अभी सभी बासों का आंकड़ा नहीं मिल पाया है। आंकड़ा मिलने के बाद ही पता चलेगा कि कितनी बहनों ने मुफ्त सफर किया।
शोभा ने बताया कि मुफ्त सफर की सुविधा देकर सरकार ने हर बहनों को तोहफा दिया है। आज वह महिलाएं भी अपने भाई के पास पहुंची होंगी जो पैसे के अभाव में अपने भाई तक राखी बांधने के लिए नहीं जा पा रही थीं। बिंदू ने बताया कि सरकार ने मुफ्त सफर की सुविधा देकर एक बेहतर काम किया है। हालांकि मुफ्त सफर के कारण भीड़ अधिक है लेकिन सरकार व परिवहन विभाग का प्रयास बेहतर है।