बरदह थाना क्षेत्र के दुबरा गांव में खेत में काम कर रही महिला बिजली गिरने से झुलस गई। परिजन उसे लेकर अस्पताल गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दुबरा गांव निवासिनी मंजू पत्नी कोमल 40 वर्ष शनिवार की सुबह खेत में काम करने के लिए गई थी। अचानक बारिश के दौरान तेज बिजली कड़कने के साथ ही उसके ऊपर बिजली गिर गई। इससे वह झुलस गई। लोगों ने जब देखा तो वह बेहोश हो चुकी थी। परिवार वालों के साथ लोग उसे लेकर बाजार स्थित एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंजू की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। मृतका मंजू के कुल चार बच्चे हैं। दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। एक बड़ी लड़की की शादी हो चुकी है। पति कोमल घर पर ही रहकर खेती का कार्य करता है। तहसीलदार राजू कुमार ने पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और कहा कि सरकारी सहायता जो भी होगी वह परिजनों को दिलवाई जाएगी।