जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव में सोमवार को सीमा यादव (22) ने अपने तीन माह के बेटे के साथ तमसा नदी में छलांग लगा दी। महिला को करीब तीन किलोमीटर बहने के बाद बचा लिया गया, जबकि उसके बेटे की मौत हो गई।
बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया और उन्होंने अंतिम संस्कार कर दिया।
रामपुर निवासी नरसिंह यादव की बेटी सीमा सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे अपने तीन माह के बेटे प्रत्यांश को गोद में लेकर तमसा नदी में कूद गई। सूचना पर ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया। करीब तीन किलोमीटर बहने के बाद पनशब्दा गांव के पास महिला को नदी से बाहर निकाला गया। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नरसिंह यादव ने बताया कि सीमा की शादी दो वर्ष पूर्व ऐनपुर गांव निवासी अमरनाथ यादव से हुई थी। पिछले दो माह से वह अपने मायके रामपुर में रह रही थी।
उन्होंने बताया कि तीन माह पूर्व सीमा को मस्तिष्क ज्वर (बुखार) हुआ था। इसके बाद से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसी के चलते उसने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, मायके और ससुराल पक्ष के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों की सहमति से शव उन्हें सौंप दिया। परिजनों ने बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।
वर्जन
परिजनों की सहमति से बच्चे का शव उन्हें सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। -संजय सिंह, जीयनपुर कोतवाली प्रभारी