बलरामपुर/बूढ़नपुर। अतरौलिया थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर कस्बा स्थित उद्योग इंटर कालेज मोड़ के पास बुधवार को कोविड का टीका लगवाकर लौट रही महिला की बाइक से गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सीएचसी रानीपुर ले जाया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में महिला की मौत हो गई।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के अमारी गांव की रहने वाली सरिता सिंह (40) बुधवार को टीकाकरण कराने पति मनोज सिंह के साथ बाइक से सीएचसी रानीपुर गई थीं। वहां कोविड का टीका लगवाने के बाद घर लौट रही थीं। बूढ़नपुर कस्बा स्थित उद्योग इंटर कालेज मोड़ के पास वह चलती बाइक से गिर गईं। गंभीर रूप से घायल सरिता को तत्काल सीएचसी रानीपुर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर कुछ ही देर बाद महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद परिजन शव लेकर घर चले गए और पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कम्हरिया घाट पर कर दिया। मृतका दो पुत्र व एक पुत्री की मां थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।