आजमगढ़ जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र के कटात चक कटात गांव में बृहस्पतिवार की रात लगभग 9:30 बजे मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भैंस को भगाने के विवाद में मोतीलाल राम और उनके पक्ष के लोगों द्वारा की गई मारपीट में 65 वर्षीय महिला धर्मा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, मोतीलाल राम की भैंस बंधन तोड़कर उनके बड़े भाई पतिराम की भैंस को मारने लगी। इस पर पतिराम की पत्नी धर्मा देवी ने डंडा मारकर मोतीलाल की भैंस को वहां से भगा दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो मारपीट में बदल गई। मोतीलाल राम के पक्ष के लोगों ने धर्मा देवी सहित अन्य पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।