आजमगढ़। नवरात्र के सातवें दिन सोमवार को श्रद्धालुओं ने मां कालरात्रि का पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पंचायत चुनाव के चलते ग्रामीण इलाकों में सुबह ही मंदिरों में पहुंच भक्तों ने पूजन-अर्चन किया। इसके बाद मतदान के लिए चल पड़े। वासंतिक नवरात्र के सातवें दिन नगर के चौक स्थित दक्षिणमुखी मां, बड़ादेव स्थित दुर्गा मंदिर, कोलघाट स्थित दुर्गा मंदिर, रैदोपुर, बेलईसा सहित अन्य देवी मंदिरों में भोर में ही मां के दर्शन को भक्त पहुंच गए थे। भक्तों ने मां को नारियल, चुनरी आदि चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की।
मेजवां संवाददाता के अनुसार फूलपुर के के जय मां भवानी मंदिर, शंकर तिराहा, श्रीराम जानकी मंदिर, बुढिया मां मंदिर और बाबा परमहंस की कुटी, मुंडियार आदि गांवों में पंचायत चुनाव में मतदान के चलते भक्तों ने सुबह ही पहुंच मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। सुबह से ही बज रहे घंटा-घडियाल और जयकारे से पूरा क्षेत्र भक्ति मय हो उठा। पूजन-अर्चन के बाद भक्तों ने मतदान केंद्रों पर पहुंच मतदान किया।
निजामाबाद संवाददाता के अनुसार मां शीतला के धाम में सातवें दिन भीड़ देखने को मिली। वहीं सुबह-शाम हो रहे भजन-कीर्तन में मां के गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया है। इसी क्रम में जहानागंज के ताड़ी गांव स्थित परमज्योत माता के मंदिर, पल्हना स्थित मां पाल्हमेश्वरी धाम पर मां के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ रहीं।