थाना क्षेत्र के जलालपुर महाबलपट्टी गांव स्थित पोल्ट्री फार्म पर शुक्रवार की दोपहर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की। इस दौरान करीब छह लाख रुपये मूल्य की शराब और उपकरण के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी आजमगढ़ के अलावा मऊ और अंबेडकरनगर जिले में शराब की सप्लाई करते हैं।
चुनमुन सिंह का गांव के बाहर पोल्ट्री फार्म है। सुनसान स्थान पर चुनमुन के अलावा मऊ के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र सि्थत हूसेपुर गांव निवासी डब्लू यादव पुत्र श्यामा, मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के करहां गांव निवासी सोनू केसरी पुत्र हरिकेश कच्ची शराब बनाकर सप्लाई करते थे।
थानाध्यक्ष कप्तानगंज बृजेश सिंह यादव ने क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम के नगर प्रभारी राजेश सिंह और ग्रामीण प्रभारी सुरेश यादव के साथ छापेमारी की। मौके से 13 पेटी में रखे 3510 शीशी कच्ची शराब, 10 लीटर स्प्रीट, केमिकल, ड्रम, करीब 200 लीटर से अधिक अर्द्ध निर्मित शराब समेत करीब छह लाख रुपये मूल्य के सामान बरामद किया गया।