बूढ़नपुर। तहसील क्षेत्र के गांधी इंटर कॉलेज कौड़िया में रविवार को महिला जागरूकता महासम्मेलन का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि पंचायती राज्य मंत्री ओमप्रकाश राजभर रहे। उन्होंने कहा कि लोग आजमगढ़ को सपा का गढ़ कहते हैं।
उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि सपा के लोग सब्जी में तेज पत्ते की तरह से हम लोगों का प्रयोग किए। सब्जी तैयार होने के बाद जिस तरह से लोग तेज पत्ते को चाट करके फेंक देते हैं, इस तरह से सपा वालों ने हमारी पार्टी का उपयोग किया। आगामी विस चुनाव में हम सपा को हार का स्वाद चखाने का काम करेंगे। राष्ट्रीय महिला मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष राधिका पटेल ने कहा कि महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए। बिहार की तरह से यूपी में भी शराब बंद होनी चाहिए। आगामी विस चुनाव में हमारी पार्टी महिलाओं को पुरुषों के बराबर अधिकार दिलाने का काम करेगी। विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि आजमगढ़ की 10 विधानसभा सीटों पर 2027 में सुहेलदेव पार्टी के विधायक होंगे। ये लोग ओमप्रकाश राजभर को मुख्यमंत्री बनाने का काम करेंगे। इस मौके पर विनोद राजभर, कुलदीप राजभर आदि रहे।