आजमगढ़। कोरोना संक्रमण काल में शिक्षार्थी ड्राइविंग लाइसेंस (लर्निंग डीएल) के लिए दो हजार से अधिक आवेदन करने वालों को झटका लगा है। 30 जून तक बुक किए गए लर्निंग डीएल के स्लॉट निरस्त कर दिए गए हैं। इन आवेदकों को दोबारा स्लॉट बुक कराना होगा। हालांकि उनके लिए राहत की बात यह होगी कि दोबारा भुगतान नहीं करना होगा।
आरटीओ कार्यालय में शिक्षार्थी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए प्रतिदिन अधिकतम 300 स्लॉट बुक किए जाते हैं। इसके लिए प्रति व्यक्ति को 350 रुपये भुगतान करना पड़ता है। कोरोना वायरस महामारी के दौर में संक्रमण नियंत्रित करने के उद्देश्य से डीएल संबंधी काम बंद कर दिया गया था। वहीं अन्य काम जैसे गाड़ी की फिटनेस आदि जारी था। अब शासन से निर्देश मिलने के बाद 23 अप्रैल से 30 जून तक बुक किए गए लर्निंग डीएल के सभी स्लॉट निरस्त कर दिए गए हैं। करीब दो से अधिक आवेदकों को दोबारा स्लॉट बुक कराना होगा। वहीं, 15 जून तक आवेदकों द्वारा बुक किए गए डीएल संबंधी अन्य सेवाओं के स्लॉट भी निरस्त कर दिए गए हैं। इन सभी बुक स्लॉटों को ब्लॉक किया जाएगा। आवेदकों के मोबाइल नंबर पर सूचना दी जा रही है। सारथी पोर्टल पर दोबारा अप्वाइंटमेट स्लॉट लेना होगा।
शासन के आदेश पर 23 अप्रैल से 30 जून तक के बुक लर्निंग डीएल के सभी स्लॉट निरस्त किए गए हैं। वहीं, 15 जून तक नवीनीकरण समेत डीएल संबंधी अन्य सेवाएं भी निरस्त की गई है। हालांकि दोबारा शुल्क नहीं देना होगा। दोबारा स्लॉट बुक करते वक्त पूर्व में बुक स्लॉट की आवेदन संख्या दर्ज करनी होगी।
सतेंद्र यादव, एआरटीओ प्रशासन