हरैया के साधन सहकारी समिति मऊ कुतुबपुर में किसानों का गेहूं की खरीदारी नहीं हुई, अंकुरित हो रहे ग?
- फोटो : AZAMGARH
लाटघाट। सरकार अधिकतम गेहूं खरीद का दावा भले ही कर रही हो लेकिन किसानों को गेहूं बेचने के लिए नाकों चने चबाने पड़ रहे हैं। विकास खंड हरैया के विपणन केंद्र और पूरा बाल नारायण मंझरिया में ट्राली पर लदे गेहूं के बारिश की वजह से पौधे उग गए। क्रय केंद्र पर तमाम किसान खरीद की मियाद बीतने के बाद गेहूं से लदी ट्राली लेकर डेरा डाले हुए हैं। मऊ कुतुबपुर में तो खरीद के लिए किसानों ने प्रदर्शन भी किया।
विकास खंड हरैया में दो क्रय केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें विपणन केंद्र हरैया और पूरा बाल नारायण मंझरिया है। उक्त क्रय केंद्रों पर गेहूं लदी करीब 50 गाड़ियां खड़ी हैं। 25 से 30 दिन पहले से यह टालियां क्रय केंद्र पर हैं। नतीजा रहा कि ट्राली में ही गेहूं सड़ रहा है। इतना नहीं गेहूं में नमी आने के कारण अंकुरित भी हो गया है। अंकुरित हो रहे गेहूं को लेकर किसान परेशान हैं। किसानों ने कहा कि हमारे गेहूं खरीद ना होने के कारण यही सड़ रहे हैं। जिसकी जिम्मेदारी विभाग की है। विभाग की लापरवाही के चलते हम लोगों का लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। जोगेंद्र सिंह गंगापुर उमेश यादव सेठाकोली, चंद्रकेश राय रोहुवार, योगेश राय हरैया, राजन दुबे चांदपट्टी, संतोष बरडीहा, राम दरस, शिवम राय ब्रह्मौली आदि किसान वहीं केंद्र पर पड़े हुए हैं। किसानों ने प्रदर्शन भी किया। स्थानी सचिव विरेंद्र यादव ने बताया कि अभी समय बढ़ने की उम्मीद है। जब तक खरीद नहीं होती हम लोग अपने गेहूं और ट्राली को यहीं रखे रहेंगे।