अमिलो/जहानागंज। पावरलूम बुनकरों ने फ्लेट रेट बिजली बिल लेने की मांग को लेकर गुरुवार से बुनकर सभा उप्र के आह्वान पर अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर दी। इसका प्रभाव कहीं आंशिक तो कहीं पूर्ण रूप से देखने को मिला। जहानागंज और आसपास के क्षेत्रों में इसका असर दिखा। इस दौरान धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगें उठाई गई।
बुनकर मजदूर यूनियन मुबारकपुर के पदाधिकारी खैरुल बशर अंसारी, गुफरान अहमद और बुनकर समिति जहानागंज के अध्यक्ष शफीक अहमद ने बताया कि 14 वर्षों से पावरलूम बुनकरों के लिए फ्लेट रेट बिजली व्यवस्था लागू थी। इसके तहत बुनकरों को प्रति महीना प्रतिलूम 72 रुपये विद्युत शुल्क देना होता था। वर्तमान सरकार ने इसे समाप्त कर मीटर रीडिंग व्यवस्था लागू कर दी है। इसके विरोध में एक सितंबर से बुनकरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। तीन सितंबर को सरकार व बुनकर नेताओं के बीच लखनऊ में होने वाली बातचीत में सरकार की तरफ़ से आश्वासन दिया गया था कि दो सप्ताह के भीतर फ्लैट रेट की नई व्यवस्था कैबिनेट द्वारा पास कराने के साथ बुनकरों की अन्य समस्याओं का निदान कर दिया जाएगा। निदान नहीं होने और शासनादेश जारी होने में देरी पर फिर से हड़ताल शुरू की गई है। जहानागंज में शान्तिपूर्वक धरना बी दिया गया। नजरें आलम, मो. अजहर, मो .हैदर, अकील अहमद, मो. सलमान, जमील अहमद, निसार अहमद सहित अन्य लोग उपस्थित थे।