आजमगढ़। सरकार की ओर से ग्राम पंचायतों में मनरेगा पार्क और खेल के मैैदान बनाने का निर्देश दिया गया है, पंचायत चुनाव होने से पहले सरकार इन कार्यों को कराना चाहती है। इसके लिए शासन स्तर से पंचायत चुनाव के पहले 14वें वित्त आयोग, मनरेगा, राज्य वित्त आयोग से एक और किश्त मिलेगी। इस धनराशि से जिला प्रशासन की ओर से गांवों में कार्य कराने की तैयारी कर ली गई है।
मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य शुरू होते ही गांवों में लोगों की नजरें प्रधानी के चुनाव पर टिक गई हैं। जिसके कारण गांव में पंचायत चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। 28 दिसंबर को वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। कोरोना महामारी के कारण हुई देरी के कारण मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य देर से शुरू हुआ। जो भी चल रहा है। जिसके कारण ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ना तय है। वहीं विधानसभा चुनाव 2022 को नजदीक देख सरकार ने ग्राम पंचायतों में विकास कार्य तेजी से कराने का निर्णय लिया है। कोरोना काल में सरकार ने प्रवासी श्रमिकों को रोजगार देने के साथ ही सामुदायिक शौचालय और पंचायत भवन का निर्माण भी कराया। वहीं ग्राम प्रधानों के बढते कार्यकाल को देख सरकार एक बार फिर तेजी से गांवों में विकास कार्यों को कराने की योजना बनाई है। इसके तहत सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों में खेल का मैदान, शहीद स्थलों को विकसित करने और तालाबों के किनारे मनरेगा पार्क के निर्माण को अभियान के तौर पर शुरू करने का निर्णय लिया है। शासन का प्रयास है कि जो तालाब खुदे हैं उन्हें पार्क के रूप में विकसित करने से वहां सुबह शाम लोग टहलने के साथ ही यहां बैठने के लिए बने स्थानों पर बैठकर सुकून के दो पल बिता सकेंगे। जनपद की 1858 ग्राम पंचायतों में इन कार्यों की निगरानी के लिए अधिकारी तैनात किए जाएंगे।
000000000000000000
जिले की 14 ग्राम पंचायतों को नहीं मिलेगा बजट
आजमगढ़। शासन स्तर से जनपद में हाल ही में बूढ़नपुर और जहानागंज को नई नगरपंचायत बनाया गया है। साथ ही अजमतगढ़ नगर पंचायत में दो और मुबारकपुर नगरपालिका में एक गांव को शामिल किया गया है। जिसके कारण इन गांवों में बजट का आवंटन नहीं होगा। इन ग्राम पंचायतों में सूडा से विकास के लिए रूपये दिए जाएंगे।
00000000000000000000
जिले की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को कराने के लिए कुछ गाइड लाइन आने वाली है लेकिन अभी मैं नहीं बता सकता। जो जानकारी है उसके हिसाब से ग्राम पंचायतों में शहीद स्थल, खेल के मैदान और तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
अभिमन्यु कुमार सिंह, प्रभारी डीसी मनरेगा और पीडी।