शहर क्षेत्र में बारिश के बाद डीएवी तिराहे पर लगा पानी।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। सोमवार की तरह की मंगलवार की सुबह से ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। पछुआ हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। हर ओर पानी की पानी दिखाई देने लगा। लेकिन नगर क्षेत्र में जगह-जगह हुए जल-जमाव ने लोगों को आवागमन में परेशानी पहुंचाई। वहीं झमाझम बारिश से खुश किसान रोपे गए धान की टाप ड्रेसिंग करने में जुट गए।
जनपद में विगत कई दिनों के बाद दो दिन से लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। सोमवार की भांति मंगलवार को भी सुबह से ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। जो दोपहर लगभग 12 बजे तक होती रही। इस दौरान आफिस जाने वाले लोग बारिश में भीगते हुए आफिस जाने को विवश हुए। जब यह बारिश रुकी तो हर ओर पानी ही पानी नजर आ रहा था। नगर क्षेत्र में नाले जाम होने से कई जगहों पर जल-जमाव हो गया जिसके कारण लोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ा। धान की रोपाई का कार्य पूरा कर चुके किसानों को अपने खेत में पानी की जरूरत महसूस होने लगी थी। लेकिन बारिश होने के बाद पानी की कमी दूर हो गई। बारिश होने से खुश किसान धान की फसल में यूरिया की टाप ड्रेसिंग करने में जुट गए। किसान हरिश्वंद्र प्रजापति ने बताया कि इस बारिश के बाद हमें खेत में यूरिया फेकने के लिए पानी चलाने की जरूरत नहीं होगी।