अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) छात्रसंघ के महासचिव मोहम्मद हमदान का अपने गृह जनपद आजमगढ़ पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। आठ साल बाद हुए छात्रसंघ चुनाव में जीत के बाद यह उनका पहला आजमगढ़ दौरा था।
विज्ञापन
उन्होंने अपनी जीत को छात्रों की जीत बताया और विश्वविद्यालय के अल्पसंख्यक चरित्र की रक्षा का संकल्प लिया। उनके पैतृक गांव मंगरावां में एक विशेष समारोह की अध्यक्षता मोहम्मद जीशान ने की, जबकि वसीम अहमद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने हमदान को बधाई दी। मीडिया से बातचीत में हमदान ने कहा कि उन्होंने छात्रों की समस्याओं और विश्वविद्यालय की पहचान कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ चुनाव लड़ा था।
विज्ञापन
हमदान ने जोर दिया कि विश्वविद्यालय का अल्पसंख्यक चरित्र उसकी पहचान है। इसकी रक्षा के लिए यदि मेरे शरीर का खून भी चाहिए तो मैं कुर्बानी देने को तैयार हूं। जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े सवाल पर हमदान ने अदालत के सकारात्मक फैसले की उम्मीद जताई।