आजमगढ़। संविधान के एक शब्द को बचाने के लिए समाजवादियों को जितनी भी कुर्बानी देनी पड़ेगी हम पीछे नहीं हटेंगे। उक्त बातें आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव ने अपने संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ के विधानसभा मुबारकपुर एवं विधानसभा सदर में आयोजित पीडीए चौपाल के दौरान कहीं।
सांसद ने कहा कि भाजपा की संविधान के प्रति क्या सोच है यह किसी से छिपी नहीं है, भाजपा की सोच थी और चुनाव से पहले उन्होंने बयान दिए थे कि वह देश के संविधान को बदलेंगे। उत्तर प्रदेश की जनता ने इतना कर दिया कि देश के संविधान बदलने के लिए जितने सांसद चाहिए उतने आज भाजपा के पास नहीं रह गए। उन्होंने लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा बाबा साहब के अपमान की भी चर्चा करते हुए कहा कि पीडीए समाज के लोगों का अपमान करना, अत्याचार अन्याय, शोषण भाजपा की सोच बन गई है।
सरकार बनी तो फिर शुरू होगी पुरानी पेंशन और नियुक्तियां
2027 में अखिलेश यादव की सरकार बनाने की अपील करते हुए कहा कि जिस दिन अखिलेश की सरकार बनेगी उसी दिन नियुक्तियां, पुरानी पेंशन आदि चालू हो जाएंगे। भाजपा के पास कोई कार्य नहीं बचा है उनका कार्य केवल समाज को कैसे तोड़े भाई-भाई को कैसे लड़ाएं और यही नहीं विधानसभा में भी मुख्यमंत्री नफरत फैलाने वाला भाषण दे रहे हैं। अभी 2024 के लोकसभा चुनाव में पीडीए परिवार ने एक छोटी सी अंगड़ाई ली तो संविधान बदलने वालों की मनसा पर पानी फिर गया और बीजेपी यूपी के अंदर नंबर दो पर चली गई।