रानी की सराय में रेलवे स्टेशन रोड पर कीचड़ और बारिश के पानी से यात्री परेशान।
- फोटो : AZAMGARH
रानी की सराय। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से कस्बे की सड़कों पर जगह-जगह जलभराव हो गया है। सबसे बुरी हालत रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग की है। जलभराव और कीचड़ के चलते इस पर पैदल चलना भी दूभर हो गया हैं।
कसबे की सड़कें बदहाल हैं। कई बार स्थानीय निवासियों ने इनकी मरम्मत के लिए अधिकारियों से गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। दो दिन से जारी जोरदार बारिश के कारण कस्बा में जगह-जगह सड़कों पर जलभराव हो गया हैं। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। काशीदास मंदिर से राजा की गली तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। जिससे बारिश के बाद उक्त मार्ग पूरी तरह से कीचड़ से सन गया है। ऐसे ही हालात रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग की भी है। जलनिकासी की व्यवस्था न होने से मार्ग पर बारिश के साथ नाले का गंदा पानी जमा है। हालत काफी खराब है, स्टेशन मोड़ से लेकर रेलवे स्टेशन तक मार्ग पर पानी भरा है। पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। साइकिल और बाइक सवार कई बार गिरकर घायल हो रहे हैं। शारदा जायसवाल ने कहा कि मार्ग के निर्माण के लिए बहुत बार प्रयास किया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बारिश हो या न हो पूरे साल इस मार्ग पर इसी तरह पानी जमा रहता है। इस समस्या का मुख्य कारण नाले का निर्माण न होना है, यदि नाला ही सही ढंग से बन जाए तो जल भराव की समस्या से निजात मिल जाएगा, कई बार शिकायत के बाद भी अधिकारी मौन हैं। जल्द ही रेलवे स्टेशन रोड के लिए आंदोलन शुरू किया जाएगा।