रानी की सराय। पंचायत चुनाव में जीत और शपथ ग्रहण के बाद गांव के विकास को गति देने के लिए रविवार को प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों की बैठक होनी थी। लेकिन अधिकारी बारिश का बहना बनाकर बैठक में नहीं पहुंचे। जिसके चलते बैठक को स्थगित करना पड़ा। अब अगली बैठक सोमवार को होगी।
पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद बीते दिनों शपथ ग्रहण का कार्य संपन्न हुआ था। गांव के विकास के पहिए को गति देने के लिए रविवार को दिलौरी, शेषपुर, गंधुई आदि गांवों की बैठक बुलाई गई थी। प्रधानों ने अपने-अपने गांवों में सारी व्यवस्था कर ली थी। बैठक में उक्त गांवों के सेक्रेटरी को आना था। काफी देर तक प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य तय जगह पर उनके आने का इंतजार करते रहे। लेकिन कोई नहीं आया। इसके कारण बैठक को स्थगित करना पड़ा। गांव के विकास को लेकर पहली ही बैठक स्थगित होने से प्रधानों और ग्राम पंचायत सदस्यों में रोष दिखा। एडीओ पंचायत सुनील मिश्र ने बताया कि बारिश के कारण उक्त गांवों में बैठक नहीं हो पाई। उक्त गांवों में सोमवार को बैठक बुलाई गई है जो सुबह नौ बजे से होगी।