गुलउर बाजार में शिवमंदिर के पुजारी की हत्या के बाद आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग जाम करते लोग।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुलऊर गांव निवासी पुजारी की हत्या के पीछे मुख्य कारण शराब पीने के लिए पैसा न देना बताया जा रहा है। आरोपी पकड़ा जा चुका है और जेल भेजा जा चुका है। वहीं पीएम के बाद शव को रख कर जाम लगाने वाले गुलऊर बाजार में स्थित शराब की दुकान को हटाने की मांग कर रहे थे। विचार का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणा शांत हुए और पुजारी का शव अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया।
बीते शुक्रवार की रात पुजारी अपने मडई में सो रहा था। इसी दौरान गांव के ही एक मनबढ़ युवक ने उस पर लाठी डंडे से प्रहार कर दिया। जिससे लगी चोट के चलते पुजारी की रविवार की सुबह मौत हो गई। पीएम के बाद शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणा आजमगढ़-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। जाम करने वाले ग्रामीण बाजार में स्थित शराब की दुकान को हटाने की मांग कर रहे थे। लगभग डेढ घंटे बाद पुलिस व प्रशासनिक अमला जाम समाप्त कराने में सफल हुआ जाम के चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। वहीं इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि नामजद आरोपी पियक्कड़ था और घटना वाले दिन पुजारी से शराब पीने के लिए पैसा मांग रहा था। पैसा न देने पर उसने लाठी-डंडे से पुजारी पर हमला कर दिया। उसका पुजारी की हत्या करने का कोई इरादा नहीं था लेकिन चोट गंभीर लग जाने से इलाज के दौरान पुजारी ने दम तोड़ दिया। फिलहाल परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज है और आरोपी भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जाम की सूचना पर एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ के अलावा चार थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई थी। ग्रामीणों ने बाजार में स्थित शराब की दुकान पथराव कर भी अपना आक्रोश जताया।
निक्कू दूबे (युवक को मारने पीटने का अभियुक्त)- फोटो : AZAMGARH