शिक्षा क्षेत्र रानी की सराय में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डन ने बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर परिसर में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक को बंद करने की मांग उठाई। उनका आरोप है कि ठेकेदार द्वारा विद्यालय में बनाए जा रहे सेप्टिक टैंक का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे उनके पुत्र दिव्यांशु की जान चली गई। वार्डेन ने उचित कार्रवाई करने के लिए मांग की है।
रानी की सराय थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का संचालन होता है। विद्यालय की वार्डन शकुंतला देवी ने बताया कि विद्यालय में ठेकेदार द्वारा शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। शौचालय का सेप्टिक टैंक तो बन गया, लेकिन ढक्कन नहीं बनाया गया। जिससे वह खुले में ही पड़ा हुआ है। इसे लेकर उन्होंने कई बार ठेकेदार से बनवाने की मांग की लेकिन नतीजा सिफर रहा। गत 26 अक्तूबर की शाम खेलते समय उनके नौ वर्षीय पुत्र दिव्यांशु टैंक में गिर गया। टैंक में डूबने से दिव्यांशु की मौत हो गई। हालांकि मौके पर, एसडीएम सदर, सीओ सिटी, बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार सिंह व थाना प्रभारी भी पहुंचे, लेकिन इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता ने बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि विद्यालय में बालिकाएं पढ़ाई करती हैं। आवासीय विद्यालय है। जिसके कारण यहां बच्चों का आना-जाना लगा हुआ है। ऐसे में इसे नहीं ढका गया तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है।