शहर के कोट किला मुहल्ले में खरिदारी करते लोग।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। केंद्र सरकार की ओर से हॉटस्पाट को छोड़ कर अन्य स्थानों पर माल आदि को छोड़ कर लाकडाउन में सभी दुकानों के खोलने के निर्देश को लेकर जनपद के व्यापारियों में काफी ऊहापोह की स्थिति देखने को मिली। हालांकि प्रतिबंध के दायरे में आने वाले किसी ने दुकान नहीं खोली, लेकिन चर्चाएं होती रही। वहीं डीएम एनपी सिंह ने कहा कि अभी हमें शासन की ओर से कोई निर्देश नहीं मिला है। निर्देश मिलने के बाद हम उसकी समीक्षा करने के बाद ही कोई निर्णय लेंगे।
केंद्र सरकार की ओर से कुछ शर्तों के तहत लाक डाउन में छूट देने की घोषणा की है। साथ ही सभी दुकानों केे खोलने का निर्देश दिया है। टीवी पर इस न्यूज का प्रसारण होते ही बहुत से व्यापारी अपने प्रतिष्ठान को खोलने की तैयारी में जुट गए। वहीं बहुत से लोगों ने मीडिया कर्मियों और अधिकारियों को फोन कर इस संबंध में जानकारी ली कि क्या वह अपनी दुकान खोल सकते हैं। डीएम एनपी सिंह ने बताया जनपद में अभी छूट दिए जाने का कोई निर्देश शासन की ओर से नहीं मिला है। अगर मिलता भी है तो पहले उसकी समीक्षा की जाएगी कि किस स्तर तक छूट देने की जरूरत है। बहुत से दुकानदार अपनी दुकानें खोलने के लिए दुकान पर पहुंच गए लेकिन जैसे 10 बजे और पुलिस ने माइक से एनाउंस कर किराना की खुली दुकानों को बंद कराना शुरू किया व्यापारी लौट गए। डीएम एनपी सिंह ने कहा कि अगर शासन का निर्देश मिलता है तो ग्रामीण इलाकों की दुकानों को खोलने की छूट दी जा सकती है।
पूर्व की भांति ही होगी होम डिलवरी
आजमगढ़। माहे रमजान को देखते हुए जिन क्षेत्रों में कोरोना का एक भी पॉजिटिव केस नहीं सामने आया है, उन क्षेत्रों में डीएम की ओर से दो शिफ्टों में दुकान खोलने का निर्णय लिया है। सील किए गए मुबारकपुर चकसिकठी में कोई ढील नहीं दी जाएगी। पूर्व की भांति ही होम डिलवरी के माध्यम से खजूर आदि की खरीदारी की जाएगी। कस्बे में भी सुबह आठ से 12 ही दुकानें खुलेंगी।
जनपद का मुबारकपुर का चकसिक्ठी पुरवा हाटस्पाट है। यहां अब तक आठ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने मुबारकपुर के चकसिकठी नयापुरा को सील रखा है। इसके तीन किमी के दायरे में कन्टेंमेंट प्लान लागू है और इसके बाद दो किमी का बफर जोन है। इस सबके बीच शनिवार से रमजान का महीना शुरू हो गया। ऐसे में डीएम एनपी सिंह जनपद में राशन की दुकानों को दो शिफ्टों में सुबह सात से 10 और शाम को दो से पांच बजे तक खोलने और खजूर आदि के ठेले चलाने के लिए वेंडरों को पास देकर तैनात किया है। इस आदेश को लेकर मुबारकपुर में क्षेत्र में शनिवार को उहापोह की स्थिति रही। इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए जिलाधिकारी एनपी सिंह ने बताया कि दो शिफ्ट में दुकान खोलने का आदेश सिर्फ सामान्य क्षेत्रों के लिए हैं, हाटस्पाट के लिए नहीं।
जनपद का मुबारकपुर क्षेत्र हाट स्पाट क्षेत्र है। इस क्षेत्र में किसी को भी सोशल डिस्टेंसिंग तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इसलिए मुबारकपुुर क्षेत्र की दुकानें सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक ही दुकान खुलेंगी। होम डिलवरी की जो सुविधा चक सिकठी में प्रदान की जा रही है वही प्रदान की जाएगी।
एनपी सिंह, जिलाधिकारी